कहीं बाइक के सामने आया बंदर, कहीं लापरवाही बनी दुर्घटना का कारण
संवाद न्यूज एजेंसी
निचलौल। थाना क्षेत्र के दो जगहों पर शनिवार को हुए सड़क हादसों में बाइक सवार मां-बेटे समेत चार लोग घायल हो गए। घायलों को सीएचसी निचलौल में भर्ती कराया गया है। एक घायल की हालत गंभीर देखकर डॉक्टर ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
जानकारी के मुताबिक, नेपाल के नवलपरासी जिला के सेमरी निवासी दीपक बीन (20) मां मीना बीन (45) को बाइक से निचलौल थाना क्षेत्र के एक गांव रिश्तेदारी में लेकर जा रहे थे। भेड़ियारी पुल के पास बाइक के सामने अचानक बंदर आ गया। बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई। मां-बेटे घायल हो गए। मीना की हालत गंभीर देख डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
दूसरी दुर्घटना बस स्टेशन के पास हुई। रायबरेली निवासी बाइक सवार मेवालाल (50) व उनके दोस्त आजमगढ़ निवासी लालता यादव (50) को किसी वाहन ने ठोकर मार दी। बाइक सवार मेवालाल और लालता गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों का इलाज सरकारी अस्पताल में चल रहा है। थाना प्रभारी आनंद कुमार गुप्ता ने बताया कि हादसे की जानकारी मिली है। । तहरीर मिलने के बाद जांच कर कार्रवाई की जाएगी।