चारों महराजगंज के निवासी, बोरे में रखी थी चरस, चावल बताकर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की थी
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। नेपाल से चरस की खेप लेकर आ रहे चार कैरियर गिरफ्तार कर लिए गए। चारों कैरियर महराजगंज के हैं। उनके पास से 85 किलो चरस बरामद हुई है। बरामद चरस की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में करीब 49 करोड़ रुपये बताई जा रही है। बोरे में रखी चरस को कैरियरों ने चावल बताकर चकमा देने की कोशिश की, लेकिन पुलिस टीम ने जांच की तो कलई खुल गई। गिरफ्तार चारों कैरियरों को पुलिस ने जेल भेज दिया और उनके नेटवर्क को तलाशने में जुट गई है। दो दिन अंदर चरस की यह दूसरी बड़ी बरामदगी है।
जानकारी के अनुसार, बृहस्पतिवार की देर रात सोनौली थाना क्षेत्र के पिपरहिया चौराहे से संतोष पासवान निवासी धुनका टोला, सोनौली, संजय यादव निवासी जसवल, सोनौली, दीपक मिश्रा निवासी हड़हवा, सोनौली व रामऔतार यादव निवासी बड़हरा, सोनौली जिला महराजगंज को 85 किलो चरस के साथ गिरफ्तार किया गया। ये सभी नेपाल से कार में चरस लेकर आ रहे थे। चरस की खेप गोरखपुर पहुंचानी थी।
कार में सवार होकर ये चारों कैरियर दो बोरे में चरस रखकर आ रहे थे। पुलिस टीम ने कार को रोककर जांच की तो इन कैरियरों ने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन पुलिस को पुख्ता जानकारी मिली थी। इस वजह से पुलिस टीम इनके झांसे में नहीं आई। जांच के दौरान बोरे में 85 किलो चरस मिली। अभी बीते 22 नंबर को 88 किलो चरस के साथ चार कैरियरों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था।
पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ ने बताया कि चरस के साथ गिरफ्तार चार कैरियरों पर केस दर्ज कर उनसे मिली जानकारी के आधार पर आगे की जांच की जा रही है। कैरियरों को जेल भेज दिया गया है। इनके पास से एक कार, चार मोबाइल, 4900 रुपये बरामद हुए हैं।