लोगों ने रकम वसूलने का आरोप लगाकर तहसील गेट पर किया था प्रदर्शन
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। चिटफंड कंपनियों में जमा रकम निकालने के लिए फार्म अब पुलिस की निगरानी में जमा होने लगा है। साथ ही मामले में काउंटर पर तैनात एक कर्मचारी को हटा दिया गया है।
निचलौल तहसील में चिटफंड कंपनियों में जमा रकम की निकासी के लिए फॉर्म जमा करने के नाम पर रकम की वसूली का आरोप लगाकर लोगों ने सोमवार तहसील गेट पर प्रदर्शन किया था। जिस मामले में अमर उजाला अखबार ने 11 जुलाई के अंक मे 'रकम वसूली के विरोध में लोगों ने तहसील गेट पर किया प्रदर्शन' नाम शीर्षक से खबर को प्रमुखता से प्रकाशित किया था। जिस मामले में तहसील अधिकारियों में हड़कंप मच गया। मंगलवार को फॉर्म जमा काउंटर पर चार पुलिसकर्मियों को तैनात कर दिया गया।
निचलौल एसडीएम सत्यप्रकाश मिश्रा ने बताया कि चिटफंड कंपनियों में जमा रकम निकासी के लिए फॉर्म जमा करने के लिए बीते दिनों तहसील में एक काउंटर खुलवाया गया था। जहां पर लोगों से शिकायत मिल रही थी कि फॉर्म जमा करने के नाम पर अवैध वसूली की जा रही है। लोगों की शिकायत पर काउंटर से वसूली करने वाले एक कर्मचारी को हटा दिया गया है। इतना ही नही काउंटर पर फॉर्म जमा करने के लिए आने वाले लोगों की सुविधाओं और सुरक्षा के लिए पुलिसकर्मियों की तैनाती कर दी गई है।