नौतनवा। थाना क्षेत्र के गांव रामनगर के पोखरहवा टोले पर बीते दिनों तेंदुआ दिखने की सूचना पर सोमवार को डिप्टी रेंजर राकेश कुमार ने वन कर्मियों और ग्रामीणों के साथ गश्त की। लोगों को जंगल के तरफ न जाने की हिदायत दी। सोहगी बरवा वन्य जीव प्रभाग उत्तरी चौक रेंज के टेढ़ी घाट बीट के जंगल के किनारे बसे गांव पोखरहवा में विगत शनिवार को जंगल से बाहर खेतों में तेंदुआ दिखा था। ग्रामीणों के शोर मचाने के बाद तेंदुआ जंगल में चला गया। उसके बाद से ग्रामीण दहशत में हैं। डिप्टी रेंजर राकेश कुमार ने बताया कि ग्रामीणों एहतियात बरतने के लिए कहा गया है।