फरेंदा। सदर बीट कैंपियरगंज के भारीवैसी क्षेत्र में गश्त के दौरान लकड़ी तस्करों ने वन रक्षक पर हमला कर दिया। वन रक्षक ने घटना की सूचना पुलिस को देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने पांच तस्करों के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।
वनरक्षक विवेक कुमार मौर्या ने पुलिस को दिए पत्र में कहा कि 12 जून की रात्रि दो बजे गश्त के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि भारीवैसी-2 में कुछ लोग चोरी से पेड़ काट रहे हैं। मौके पर पहुंच कर टार्च की रोशनी में देखा तो साइकिल पर बोटा लाद कर ले जा रहे थे, पीछे से एक तस्कर धक्का दे रहा था तथा अन्य पहरा दे रहे थे।
टार्च की रोशनी देखते ही तस्कर ईंट, पत्थर व लकड़ी के टुकड़े से हमला कर भाग गए। उसके बाद भी टार्च की रोशनी में आरोपी की पहचान हो गई थी। थानाध्यक्ष अंकित सिंह के अनुसार वन रक्षक की तहरीर पर अवधेश, मोलू, रमेश, झब्बर व रामकृपाल निवासी भारीवैसी नर्सरी वनटांगिया के खिलाफ केस दर्ज कर जांच की जा रही है।