महराजगंज। होली पर दिल्ली, मुंबई समेत अन्य बड़े शहरों से परदेसी घर लौटने लगे हैं। इससे बसों में भीड़ बढ़ गई है। रविवार को महराजगंज बस स्टेशन पर यात्रियों की भीड़ इतनी थी कि लोगों को बस में बैठने के लिए धक्का-मुक्की करनी पड़ी। लोकल रूट पर बस नहीं मिलने से लोगों को परेशानी हुई। महराजगंज रोडवेज बस स्टेशन से निचलौल, ठूठीबारी जाने वालों की भारी भीड़ रही। ठूठीबारी, निचलौल रूट पर बस नहीं थी। लोग बस का इंतजार कर रहे थे। थोड़ी देर में एक बस आई तो उसमें बैठने के लिए यात्रियों को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। रोडवेज बस स्टेशन पर मिले प्रकाश ने कहा कि निचलौल जाने के लिए आधे घंटे से इंतजार कर रहा हूं, लेकिन जो बस आ रही उसमें दाखिल होना मुश्किल है। एआरएम सर्वजीत वर्मा ने बताया कि बाहर से आने वालों की संख्या बढ़ गई है। लखनऊ, दिल्ली, कानपुर व प्रयागराज के लिए डिपो की सीधी बस सेवा का लाभ भी दिया जा रहा है। संवाद