महराजगंज। शहर के शास्त्री नगर मोहल्ले में महिला को बंधक बनाकर लूट के मामले में पुलिस की पांच टीमें लगी हैं। आस पास के सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जा रहा है। पुलिस टीम को अभी तक कोई सुराग नहीं मिला है। मामले को लेकर मोहल्ले के लोगों में दहशत है। दिन दहाड़े हुई घटना से लोग सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं।
बीते दिन शास्त्री मोहल्ले में संगीता मिश्रा के घर में छह लाख के जेवर व नकदी लेकर लुटेरे फरार हो गए हैं। इस घटना के बाद पांच थानों की पुलिस जांच करने में जुटी है। पुलिस को लूटकांड से जुडे़ कुछ अहम सुराग हाथ नहीं लग रहे हैं। सीसीटीवी फुटेज से कुछ खास जानकारी नहीं मिल रही है।
पुलिस सूत्र बता रहे हैं कि बंधक बनाने की झोल नजर आ रहा है। पुलिस इसे देखते हुए इन बिंदुओं पर जांच कर रही है। मोहल्ले में आसपास के लोगों से पूछताछ कर जानकारी ली जा रही है। उधर, घटना के बाद मोहल्ले के अलावा शहर में दिनभर चर्चा होती रही। इस घटना को लेकर सभी का अलग अलग नजरिया रहा। मोहल्ले के लोग बता रहे हैं कि सुबह के वक्त बाइक से कोई युवक तेजी से जाते हुए नहीं दिखा।
सवाल यह है कि लूट की घटना को अंजाम देने के बाद लुटेरे आसानी से कैसे फरार हो गए और किसी को भनक तक नहीं लगी। सदर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक राहुल शुक्ला ने बताया कि कुछ लोगों से पूछताछ की गई है। टीमें लगी हुई हैं। जल्दी ही मामले का पर्दाफाश हो जाएगा। सीसीटीवी को खंगाला जा रहा है। पूछताछ में जो क्लू मिले हैं, उस दिशा में भी जांच की जा रही है।