नौतनवा - ठूठीबारी मार्ग के पड़ियाताल मंदिर के पास मिला असलहा।
बरगदवा। नौतनवा-ठूठीबारी मार्ग के पड़ियाताल मंदिर से पहले एक पुलिया के किनारे बुधवार की सुबह एक असलहा ( सिंगल बैरल बंदूक ) सहित पांच जिंदा कारतूस मिलने पर क्षेत्र में हड़कंप मच गया। असलहा देख काफी संख्या में राहगीरों का भीड़ जुट गई। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस असलहे को कब्जे में लेकर जांच में जुटी हुई है। असलहा मिलने पर क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। तरह-तरह की आशंकाएं जताई जा रही हैं। असलहा व कारतूस जिस प्रकार से सड़क के किनारे रखा गया था, उससे यह प्रतीत होता है कि किसी बड़ी घटना को अंजाम देने के लिए रखा गया था। पुलिस ने असलहा मिलने वाले स्थान से एक किलोमीटर परिधि के क्षेत्र को गहनता से छानबीन की, लेकिन कुछ सुराग नहीं मिला। थानाध्यक्ष बरगदवा पुरुषोत्तम राव ने बताया कि उच्चाधिकारियों को घटना से अवगत कराने के साथ असलहे की जांच पड़ताल की जा रही है।