हादसों में पांच की मौत, आठ लोग घायल
महराजगंज। जिले में मंगलवार को हुई दुर्घटना में पांच लोगों की मौत हो गई। जबकि आठ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। उनका इलाज अस्पताल में चल रहा है। सेमरा चंद्रौली, बरगदवा मंदिर के अलावा बभनौली एवं बनैलिया मंदिर के पास हादसा हुआ। घटना की जानकारी होने पर पुलिस मौके पर पहुंचकर पीड़ितों का राहत पहुंचाने में जुट गई। लोगों के अनुसार बाइक चालक हेलमेट नहीं पहने थे।
परतावल प्रतिनिधि के अनुसार, श्यामदेउरवा क्षेत्र के भटहट-बभनौली मार्ग पर ग्रामसभा बरगदवा मंदिर के सामने दुर्घटना में चार युवकों की मौत हो गई। जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। मंगलवार देर रात बजे दो बाइक की आमने सामने टक्कर हो गई, जिसमें अजीत (18) निवासी नटवां जंगल की मौके पर मौत हो गई और सनी यादव (19) निवासी नटवां जंगल की इलाज के लिए गोरखपुर ले जाते समय रास्ते में ही मौत हो गई। घटना में सुंदरम (19) निवासी नटवां जंगल गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसका इलाज गोरखपुर में एक निजी अस्पताल में चल रहा है। यह तीनों लोग एक बाइक पर सवार होकर भटहट से घर जा रहे थे। बरगदवां के पास विपरीत दिशा की तरफ से आ रही बाइक से टक्कर हो गई।
दूसरी बाइक पर आनंद (26) व अन्नू गौड़ (25) निवासी समदार खुर्द थाना पिपराइच जनपद गोरखपुर सवार थे। दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। दोनों बाइक सवार पनियरा से घर की तरफ जा रहे थे। उधर, क्षेत्र के एनएच 730 पर स्थित सेमरा चन्द्रौली गांव के पास 35 वर्षीय व्यक्ति को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक बोधन (35) श्यामदेउरवा थाना के सेमरा चंद्रौली गांव के निवासी हैं। थानाध्यक्ष आनंद गुप्ता ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। तहरीर के अनुसार केस दर्ज किया गया है।
खनुआ प्रतिनिधि के अनुसार नौतनवां कस्बा के बनैलिया मंदिर चौराहे पर ई रिक्शा पलटने से चालक समेत चार लोग घायल हो गए। आसपास के लोगों की मदद से घायलों को नौतनवां के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। कस्बे के परसोहिया मुहल्ला निवासी चालक राईस, बृजमोहन, सुनील सहानी व जय किशुन घायल हुए है।
पनियरा प्रतिनिधि के अनुसार मंगलवार रात परतावल पनियरा एनएच 328 मार्ग पर बभनौली बुजुर्ग कम्पोजिट विद्यालय के सामने मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर विद्युत पोल टकरा गई। इस हादसे में बाइक पर सवार दीपक (22), आकाश (16) निवासी बड़वार एवं दुर्गेश (30) निवासी रामनगर गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों घायलों को इलाज के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पनियरा भिजवाया गया। जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद तीनों को गंभीर हालत में जिला अस्पताल महराजगंज रेफर कर दिया है। थानाध्यक्ष सत्य प्रकाश सिंह का कहना है कि तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
इंटरसिटी एक्सप्रेस से गिरकर अधेड़ की मौत
कोल्हुई। गोरखपुर-नौतनवा रेलखंड के भगीरथपुर रेलवे स्टेशन के पहले तेन्दूही गांव के सामने इंटरसिटी एक्सप्रेस से गिरकर एक अधेड़ व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। इंटरसिटी एक्सप्रेस ट्रेन नौतनवां से गोरखपुर जा रही थी। अभी ट्रेन तेन्दूही गांव के सामने से तेज रफ्तार से गुजर रही थी कि करीब 45 वर्षीय एक व्यक्ति ट्रेन से नीचे गिर गया। जिससे उसकी मौके पर ही उसकी मौत हो गई। सूचना पर कोल्हुई पुलिस मौके पर पहुंच गई। शव की शिनाख्त नहीं हो सकी है। संवाद