नेपाल में बस दुर्घटना में पांच की मौत, 23 घायल
महराजगंज। नेपाल के पाल्पा जिले के रंभा ग्रामीण नगर पालिका एक हुंगी से मनकामना मंदिर दर्शन के लिए जा रही बस रविवार सुबह नवलपरासी के बुलिंगटार ग्रामीण नगर पालिका-2 मठर में दुर्घटनाग्रस्त हो गई। जिसमें पांच लोगों की मौके पर मौत हो गई और 23 लोग घायल हो गए हैं। मौके पर पहुंची पुलिस राहत कार्य में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार रविवार सुबह श्रद्धालुओं को लेकर बस पाल्पा से मनकामना मंदिर जा रही थी। बस में सभी नेपाली नागरिक थे। बस दुर्घटना ग्रस्त होने के बाद स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस ने लोगों को बस से निकाला। बस सवार पाच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी। 23 घायलों को पुलिस ने उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। इनमें कुछ घायलों की हालत गंभीर है।
पाल्पा पुलिस डीएसपी साजन थापा ने बताया कि मृतकों की पहचान तारा बीके, बिनाया बीके, धानी बीके, देवी गाहा और फुलमाया मांझी के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि बस में रंभा एक, चांगलिंग, नायगांव के यात्री थे। बस सड़क से करीब 100 मीटर नीचे गिर गई। बस में कुल 28 यात्री सवार थे।