एक सप्ताह के भीतर नाथनगर में दूसरी मौत से दहशत में लोग
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज/बागापार। चौक थाना क्षेत्र के नाथनगर गांव में एक सप्ताह के भीतर दो लोगों की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के बाद गांव के लोग दहशत में है। नाथनगर निवासी बुधई का शव जंगल में मिलने से पुलिस की मुसीबत बढ़ गई है। इसके पहले नाथनगर निवासी महातम मिश्रा का शव घर पर संदिग्ध परिस्थितियों में मिला था। बताया जा रहा है कि महातम की जिस जमीन का बैनामा कराया गया था, उसमें बुधई गवाह थे।
जानकारी के अनुसार, बुधई मधुबनी गांव के मूल निवासी थे, लेकिन नाथनगर ससुराल में रहते थे। जिस स्थान पर बुधई का शव मिला था, वहां बगल में साइकिल और कुल्हाड़ी पड़ी थी। अगल-बगल बिखरे पत्ते यह बयां कर रहे थे कि मौत से पहले वह किसी से संघर्ष किया था। उसके सिर पर किसी भारी वस्तु से चोट की गई थी। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि बुधई की मौत कैसे हुई थी।
बुधई की पत्नी चंद्रावती ने बताया कि चार दिन पहले जंगल में घास काटने गए थे। शाम तक घर नहीं लौटे तो अनहोनी की आशंका में हर जगह तलाश की गई, लेकिन कहीं पता नहीं चला। रविवार को गांव के लोग जंगल में खोजने गए थे। कड़ी मशक्कत के बाद धरमौली के टोला कोल्हुआ के पास जंगल में पति का शव मिला। चंद्रावती व बच्चों का रो - रोकर बुरा हाल है।
अपर पुलिस अधीक्षक आतिश कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस जांच कर रही है। केस दर्ज हो चुका है। जल्द ही मामले को पर्दाफाश कर दिया जाएगा।