समाधान दिवस पर फरियाद सुनते एसडीएम
फरेंदा। मेरे पति के पटीदारों ने इलाज कराने के बहाने तहसील में लाकर कूटरचित तरीके से वसीयतनामा करा ली। उसके एक दिन बाद ही पति की मौत हो गई। इसकी सूचना पुलिस को दी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। यह पीड़ा धानी क्षेत्र की कानापार उर्फ रामनगर निवासी गीता देवी ने शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस में एसडीएम नवीन कुमार के सामने पहुंच कर पीड़ा बयां की। जिस पर एसडीएम ने थाना प्रभारी को जांच के निर्देश दिए।
पीड़ित महिला ने कहा कि पति के मौत के बाद मकान में ताला लगा दिया गया हैं, जिससे दर दर भटकने को मजबूर हैं। ऐसे उनके नाम की संपूर्ण जायजाद पीड़िता के नाम दर्ज होना चाहिए। नगर पंचायत आनंदनगर वार्ड नंबर तीन पंचशीलनगर के सभासद गोरख प्रसाद ने वार्ड में हुए नाली निर्माण में घटिया सामग्री का प्रयोग व मानक के विपरीत कार्य कराने का आरोप लगाया हैं। जिस पर जेई ने जांच करते हुए ठेकेदार को फिर से नाली निर्माण करने का आदेश दिया हैं, लेकिन ठेकेदार मनमानी के दम पर कार्य नहीं करा रहे हैं। मथुरानगर निवासी बिंध्याचल व बृजलाल ने वृद्धापेंशन न मिलने की शिकायत की। जिस पर एसडीएम ने मामले की जांच करने का आदेश दिया। सिधवारी के प्रह्लाद चौरसिया ने राजमार्ग पर गिटटी बालू रखकर अतिक्रमण करने की शिकायत की। इस दौरान सीओ अनिरूद्ध कुमार, तहसीलदार कर्ण सिंह, नायब तहसीलदार अकित अग्रवाल, थानाध्यक्ष अंकित सिंह, डॉ. ज्योति सिंह सहित तमाम लोग रहे।
नौतनवा में 62 मामले आए छह का मौके पर निस्तारण
नौतनवा। तहसील सभागार नौतनवां में उपजिलाधिकारी नंद प्रकाश मौर्य की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। 62 मामले आए आए जिसमें से महज छह मामलों का निस्तारण मौके से किया गया। टेढ़ी निवासी बबिता सहानी ने उपजिलाधिकारी को दिए शिकायती पत्र में बताया कि उनके पास पक्का मकान नहीं है। फूस के मकान में रहकर मजदूरी कर परिवार का भरण पोषण करती हैं। उनके पास राशन कार्ड नहीं है और खेती करने के लिए भूमि नहीं है। उनका आरोप है कि ग्राम प्रधान के नाम से राशन कार्ड है जबकि उनके पास पक्का मकान और खेती भी है, उसके बाद भी राशन कार्ड है।
बबिता ने मांग किया है कि ग्राम प्रधान का राशन कार्ड निरस्त कर उनका राशन कार्ड जारी किया जाय। नौतनवा कस्बा के राहुल नगर वार्ड निवासी सरस्वती देवी ने बताया कि राशन कार्ड में आधार कार्ड फीडिंग न होने से उनका राशन कार्ड सूची से नाम काट गया है उन्होंने राशन कार्ड बनवाने की मांग किया है। समरधीरा गांव की सरिता ने बताया कि वह अनुसूचित जाति की हैं उनके ससुर से पिछड़ी जाति का एक व्यक्ति ने अपनी जाति छिपाकर भूमि का रजिस्ट्री करा लिया है। इस मौके पर सीओ जय प्रकाश त्रिपाठी,तहसीलदार आशीष कुमार गुप्ता, नायब तहसीलदार सौरभ कुमार श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे। संवाद