नौतनवा। थाना क्षेत्र के ग्राम सभा धोतियहवा टोला भटवा निवासी चंद्रमति ने थाने में तहरीर देकर ससुराल वालों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने एवं मायके वालों को मारने-पीटने व धमकी देने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की थी। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी। पीड़िता चंद्रमति का कहना है कि गत छह जून को नौतनवा क्षेत्र के धोतियहवा, टोला भटवा निवासी मनोज निषाद के साथ विवाह हुआ था। शादी हुए एक सप्ताह भी नहीं बीते थे कि सास और जेठ एक लाख रुपये और बाइक की अतिरिक्त मांग करते हुए उसे प्रताड़ित करने लगे। इस पर पिता ने लोन लेकर किसी तरह बाइक की डिमांड भी पूरी की। आरोप है कि 23 नवंबर को मायके पक्ष के कुछ लोग विवाहिता से मिलने आए थे। इस दौरान दहेज की बात को लेकर ससुराल पक्ष के लोग वाद-विवाद करने लगे और गाली देते हुए मारपीट कर मायके वालों को घायल कर दिया। घटना से आहत पीड़िता ने थाने में तहरीर देकर न्याय की गुहार लगाई। थानाध्यक्ष पुरुषोत्तम राव ने बताया कि तहरीर के आधार पर जेठ गोविंद निषाद, सास रजावती देवी, रोहित व महेंद्र निवासी धोतियहवा, टोला भटवा के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।