महराजगंज। जिले में चलने वाले वित्तविहीन माध्यमिक विद्यालयों के लिए अच्छी खबर है। अब वे भी एनसीसी पाठ्यक्रम शुरू करा सकते हैं। इसके लिए विद्यालयों के प्रबंधकों अथवा प्रधानाचार्यों को विभाग को अपना विवरण देना होगा। इसके बाद उन्हें एनसीसी का आवंटन होगा।
जिले में कुल 260 माध्यमिक विद्यालय चलते हैं। इनमें 29 राजकीय व 39 सहायता प्राप्त विद्यालयों में लगभग 30 से अधिक में एनसीसी पाठ्यक्रम चलते हैं। शेष 192 वित्तविहीन माध्यमिक स्कूल में यह पाठ्यक्रम शुरू नहीं किया गया है। छात्र-छात्राओं के हितों को ध्यान में रखते हुए इन विद्यालयों को भी निजी खर्चे पर एनसीसी शुरू करने की छूट दी गई है, जिससे उनके विद्यार्थियों को भी इस पाठ्यक्रम से वंचित न रहना पड़े।
एनसीसी से जुड़ना गौरवपूर्ण है। जो भी विद्यालय एनसीसी का पाठ्यक्रम चाहते हैं वे अपना लिखित विवरण कार्यालय में उपलब्ध कराएं।
-अमरनाथ राय, जिला विद्यालय निरीक्षक