फरार बंदियों के डर से रूपनदेही में रत जगा कर रहे लोग।
सोनौली। नेपाल के रूपनदेही के सिद्धार्थनगर नगर पालिका के वार्ड-9 स्थित नया कॉलोनी के लोग रात में गश्त कर रहे हैं। स्थानीय शोभाकांत नेपाल ने बताया कि जेन-जी समूह के आंदोलन के बाद मोहल्ले में असुरक्षा की स्थिति को देखते हुए नया कॉलोनी टोल सुधार समिति के निर्णय के अनुसार रात में सुरक्षा गश्त शुरू की गई है। उन्होंने बताया कि हर 10 दिन में बारी-बारी से सुरक्षा गश्त की जा रही है। उन्होंने बताया कि रात में कुछ युवक शराब पीकर तेज आवाज में बाइक चलाते हैं और कुछ युवक कोने में छिपे रहते हैं। उन्होंने कहा कि घटनाओं को रोकने के लिए शांति और सुरक्षा बनाए रखने में सक्रिय रूप से लगे हैं। गंगाधर भंडारी ने बताया कि 150 से ज्यादा घरों वाले इस टोले में हर रात 10 लोगों की टोली लाठी, सीटी और टॉर्च लेकर गश्त करती है। सिद्धार्थनगर नगर पालिका-9 सहित रूपनदेही ज़िले के विभिन्न स्थानों पर स्थानीय लोग रात में गश्त कर रहे हैं। जिला पुलिस कार्यालय, रूपनदेही पुलिस (डीएसपी) गणेश सपकोटा ने बताया कि आम जनता रात में टोले समुदाय में गश्त कर रही हैं, पुलिस गश्त का समन्वय कर रही है। उन्होंने कहा कि टोले समुदाय में गश्त का समन्वय पुलिस की ओर से किया जाता है। क्योंकि यह पुलिस-समुदाय भागीदारी कार्यक्रम के अंतर्गत आता है। जिला पुलिस कार्यालय रूपनदेही ने लोगों से आग्रह किया है कि जब भी वे घर से बाहर जाएं तो इसकी सूचना अपने पड़ोसियों और पुलिस कार्यालय को दें।