भारतीय किसान यूनियन द्वारा सोमवार को तहसील परिसर में तहसील अध्यक्ष सुरेश चन्द साहनी के नेतृत्व में किसान पंचायत का आयोजन किया गया। इसमें संगठन के सदस्यों ने किसानों व क्षेत्र की समस्या पर चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री को संबोधित चौदह सूत्री एक मांग पत्र एसडीएम को सौंपा। वक्ताओं ने कहा कि मांगे पूरी नहीं हुई क्षेत्र के किसान उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे। मांग पत्र में किसानों का कहना है कि न्याय पंचायत रजापुर मझार क्षेत्र में रोहिन नदी के बंधों को सिंचाई विभाग द्वारा रख-रखाव किया जाय एवं कटानों पर ठोकर फाटकदार पुलिया एवं बंधे की मरम्मत करवाई जाए। भगवानपुर और रजापुर में पुरानी रोहिन में रामपुर झलुआ पर मिनी पुल का निर्माण कराकर इस रास्ते को चानकी पुल से टेढ़ी, कजरी एवं देवदह ग्राम बनर्सिहा को पिच मार्ग से जोड़ा जाय। अड्डा बाजार को ब्लाक मुख्यालय और लक्ष्मीपुर को नगर पंचायत घोषित किया जाय। लक्ष्मीपुर ब्लॉक एवं बृजमनगंज को जोड़ने वाली श्रीनगर ताल का सुंदरीकरण एवं मिनी पुल का निर्माण किया जाए। बरसात से पहले महाव नाले की सफाई व तटबंधों का निर्माण कराया जाय। ग्राम पंचायत टेढ़ी के जिगिनिहवां घाट पर मिनी पुल का निर्माण कराया जाए। ग्रामीणों को राजनीतिकरण से दूर रखकर पात्र लोगों को वृद्धा, विधवा, विकलांग पेंशन दिलवाया जाय। चकबंदी द्वारा बनाए गए राजस्व का नक्शा मौके की स्थिति से अंतर होता है। इससे किसानों के आपसी झगड़े व मुकदमें बढ़ते हैं। ऐसे में गलत नक्शा बनवाने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई कर पूर्णतया जांच के बाद अंतिम निर्णय लिया जाय। इसके साथ ही सरकारी जमीन पर अतिक्रमण रोकने के लिये पक्के अमिट चिंह का प्रयोग किया जाए। किसान पंचायत में मंडल अध्यक्ष जगराम चौधरी, प्रदेश उपाध्यक्ष रणजीत सिंह, रामआशीष पासवान, गुलाब चन्द, लालू यादव, साधूशरण, त्रिवेणी निषाद, बलिकरन चौधरी, कपिलदेव साहनी, लीलावती देवी, वासमती देवी, दुर्गावती, समुद्रा देवी मौजूद रहे।