लक्ष्मीपुर। क्षेत्र में डीएपी खाद को लेकर किसानों में हाहाकार मचा हुआ है। डीएपी खाद के लिए लाइन में किसानों को दिक्कत झेलनी पड़ रही है। वहीं किसानों को निजी दुकानों से यूरिया भी अधिक कीमत पर खरीदनी पड़ रही है। लक्ष्मीपुर व नौतनवा क्षेत्र में समितियों पर डीएपी खाद नहीं मिल पाने से किसानों में काफी आक्रोश व्याप्त है। क्षेत्रीय किसान नेता सुरेश चंद्र साहनी, विजय शंकर मणि त्रिपाठी, शैलेश यादव, शेषमन, अखिलेश्वर, योगेंद्र, सन्तराम, मनोज, जोखू आदि ने बताया कि धान की रोपाई लिए खाद की जरूरत है। इसी वजह से डीएपी की अचानक से मांग बढ़ी है। मगर समितियों में खाद की किल्लत है। अड्डा बाजार, समरधीरा, खोरिया, मुडली, पुरंदरपुर, लक्ष्मीपुर आदि स्थानों पर डीएपी खाद मिल ही नही रही है। इस संबंध में एडीओ एजी लक्ष्मीपुर रामदुलारे ने बताया कि क्षेत्र में बरसात होने के कारण धान की रोपाई के लिए डीएपी खाद की मांग बढ़ी है, जिसकी नियमानुसार आपूर्ति की जा रही है। खाद की किल्लत जल्द दूर हो जाएगी।