बाइक की चपेट में आने से घायल किसान की मौत
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल, मृतक के बेटे ने थाने में दी तहरीर
संवाद न्यूज एजेंसी
नौतनवा। थाना क्षेत्र के गांव बैरवा चंदनपुर टोला कड़जहिया निवासी विश्वनाथ यादव (48) बाइक की चपेट में आने से घायल हो गए। अस्पताल ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के मुताबिक नौतनवा थाना क्षेत्र के बैरवा चंदनपुर टोला कड़जहिया निवासी विश्वनाथ यादव मंगलवार को सुबह करीब सात बजे साइकिल से अपने खेत जा रहे थे। वह कड़जहिया लालपुर मार्ग पर एक ईंट भट्ठे से थोड़े आगे पहुंचे थे कि तेज रफ्तार आ रही बाइक की चपेट में आ गए। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे परिजन ग्रामीणों के सहयोग से तत्काल इलाज के लिए गोरखपुर एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने गंभीर हालत देख पीजीआई लखनऊ के लिए रेफर कर दिया जहां रास्ते में मौत हो गई। मौत की सूचना पर परिजनों में कोहराम मच गया।
परिजन शव को बुधवार को भोर में घर ले आए। मृतक की पत्नी की पत्नी परेवा देवी, बेटा गोविंद,कपिलदेव, बेटी किरन का रो-रो कर बुरा हाल है। पत्नी परेवा देवी दहाड़े मार रोते-रोते अचेत हो जा रही थी। मृतक के बेटा गोविंद ने पुलिस को तहरीर दी। प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार राय ने बताया कि तहरीर मिली है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।