सोहगीबरवा जंगल का मैप तैयार करेगी डब्ल्यूटीआई टीम
अवैध कटान व वन्यजीवों के ठहराव वाले स्थलों को करेंगे चिह्नित
संतोष शर्मा
महराजगंज। भारतीय वन्य जीव ट्रस्ट (डब्ल्यूटीआई) नोएडा से आई टीम सोहगीबरवा वन्य जीव प्रभाग के विभिन्न जंगलों में घूमकर मैप तैयार करेगी। टीम के सदस्य जंगलों में अवैध कटान व वन्य जीवों के ठहराव वाले स्थलों को चिह्नित करेंगे तथा उसका मैप विभाग के जिम्मेदारों को सौंपेंगे। सोहगीबरवा वन्य जीव प्रभाग प्राकृतिक संसाधनों से परिपूर्ण है। यहां के जंगल में वन्य जीवों के ठहराव तथा औषधीय व इमारती लकड़ियों की उपलब्धता को देखते हुए भारतीय वन्य जीव ट्रस्ट की चार सदस्यीय टीम जिले में पहुंच चुकी है। वैभव चुतर्वेदी के नेतृत्व में आई टीम प्रभाग के विभिन्न जंगलों में पहुंचकर उन स्थलों को चिह्नित करेगी, जहां अधिकांश पेड़ काटे गए हैं। वहीं, ऐसे स्थलों को भी टीम चिह्नित करेगी जहां वन्य जीवों के ठहराव की संभावना है। जंगल की सुरक्षा को लेकर किए जाने वाले प्रबंध पर भी टीम नजर रखेगी। टीम के सदस्य संपूर्ण जंगल का भ्रमण करने के उपरांत अपनी रिपोर्ट तैयार करेंगे तथा उसे सोहगीबरवा वन्यजीव प्रभाग के प्रभागीय वनाधिकारी तथा भारतीय वन्य जीव ट्रस्ट को सौंपेंगे। डीएफओ पुष्प कुमार के. ने बताया कि रिपोर्ट मिलने के उपरांत वन क्षेत्र में सुधार के दृष्टिगत पहल की जाएगी। उधर, लक्ष्मीपुर रेंज में स्थित ट्राम वे रेल की मौजूदा स्थिति का पता लगाने के लिए मुख्य वन्य जीव संरक्षक गोंडा के निर्देश पर आर्किटेक्ट आशीष शुक्रवार को वहां पहुंचे। शुरूआती भ्रमण में उन्होंने वहां की परिस्थितियों का जायजा लिया। उप प्रभागीय वनाधिकारी राजीव ने बताया कि आर्किटेक्ट लक्ष्मीपुर आए थे, वहां से जानकारी एकत्र करके गए हैं। कुछ दिन बाद उनके नेतृत्व में टीम आने की संभावना है।