जिला अस्पताल के ओपीडी में लगी मरीजों की भीड़।
महराजगंज। मौसम के उतार चढ़ाव के बीच लगभग एक माह से वायरल संक्रमण की स्थिति में लगातार वृद्धि हो रही है। स्थिति यह है कि अस्पताल पहुंचने वालों में आधे रोगी वायरल फीवर के चपेट में पाए जा रहे। बुखार का नया वैरिएंट खांसी, गले में दर्द के बाद अब चेहरे पर सूजन उत्पन्न कर रहा। बुखार के बीच चेहरे पर सूजन की स्थिति रोगियों को परेशान कर रही। बुधवार ओपीडी में पहुंचे 18 वायरल फीवर के रोगी चेहरे पर आई सूजन से परेशान होकर उपचार व परामर्श के लिए पहुंचे थे। हालांकि चिकित्सकों ने इस इम्युनिटी प्रतिक्रिया बताकर रोगियों को परेशान न होने की सलाह दी। बुधवार जिला अस्पताल की ओपीडी में 823 रोगियों का उपचार हुआ। अधिकतर रोगी वायरल फीवर, त्वचा रोग और पेट के संक्रमण के रहे। 18 वायरल फीवर के रोगी ऐसे पहुंचे थे जिन्हें बुखार के दौरान चेहरा सूजने की समस्या थी। इनकी जांच रिपोर्ट देखने के बाद डाॅ. वैभव श्रीवास्तव ने कहा कि परेशानी की बात नहीं है। वायरल में इम्यूनिटी जब प्रतिरोध करती है तो चेहरे पर सूजन आना स्वाभाविक है। वायरल समाप्त होने के बाद इससे निजात मिल जाती है। चेहरे के सूजन पर गंभीर होने की जरूरत नहीं है।