गिद्धों के संरक्षण के लिए सभी को आना होगा आगे
अंतरराष्ट्रीय गिद्ध संंरक्षण दिवस पर कार्यक्रम आयोजित
संवाद न्यूज एजेंसी
निचलौल। अंतरराष्ट्रीय गिद्ध संरक्षण जागरूकता दिवस पर शनिवार को शहर स्थित पुष्पा मेमोरियल कान्वेंट स्कूल में वन विभाग की ओर से कार्यक्रम का आयोजन किया गया। निचलौल वन क्षेत्राधिकारी सुनील राव ने बताया कि प्रतिबंधित दवाओं के इस्तेमाल से गिद्धों की मौत हो रही है। समय रहते इनका संरक्षण प्रकृति के लिए बहुत जरूरी है। इसके लिए सभी को आगे आना होगा। पिछले कई वर्षों से इनके जीवन पर संकट मंडरा रहा है। जिसका मुख्य कारण मवेशियों में हो रहे डाइक्लोफेनिक दवाओं का इस्तेमाल है। ऐसे मवेशियों के मरने पर उनका सेवन करने पर यह प्रजाति समाप्त हो रही है। सरकार की ओर से 2006 में इस दवा के प्रयोग पर रोक लगाई जा चुकी है। इस अवसर पर अशोक सिंह, मोबिन अली, उदय प्रताप तिवारी, भोरिक यादव, गोपाल आदि मौजूद रहें।
उधर, धोतिअहवा गांव के आरपी पब्लिक स्कूल में क्षेत्रीय वनाधिकारी रविंद्र प्रताप सिंह ने छात्रों को गिद्ध संरक्षण के विषय में जानकारी दी। वन क्षेत्राधिकारी ने कहा कि गिद्ध पक्षी का पारिस्थितिकी संतुलन बनाए रखने में महत्वपूर्ण योगदान है। इस मौके पर डिप्टी रेंजर राकेश कुमार, वन दरोगा कपिल मुनि मिश्रा ,राजकुमार तिवारी, शिव शंकर आदि मौजूद रहे।