- नगर के विभिन्न मार्गों की बदहाल है स्थिति
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। नगरीय क्षेत्रों में मुख्य मार्गों की पटरियों पर अतिक्रमण है। इससे जहां आवागमन में समस्या आती है, वहीं प्रतिदिन जाम भी लगता है। प्रशासन व नगर पालिका की ओर से इन अब तक निचलौल व चौक रोड पर अतिक्रमण हटाने को लेकर गंभीरता नहीं दिखाई गई, जिससे राहगीरों व स्थानीय लोगों को काफी दुश्वारियां उठानी पड़ती हैं।
नगर को अतिक्रमण मुक्त करने के लिए प्रशासन व पालिका की ओर से अतिक्रमण हटाया जा रहा है, मगर उसकी रफ्तार काफी धीमी है। अभी तक सिर्फ फरेंदा मार्ग पर ही नाली के उपर से आधा-अधूरा अतिक्रमण हटवाया गया है। मुख्य मार्ग की बात करें तो नगर के निचलौल मार्ग, चौक मार्ग व चिउरहां मार्ग पर अतिक्रमण की स्थिति अत्यंत खराब है। यहां पर स्थिति ऐसी है कि राहगीरों व स्थानीय लोगों को यदि वाहन खड़ा करना है तो उसे सड़क पर खड़ा करना मजबूरी बन जाएगी। इस प्रकार पटरियों के अतिक्रमण को हटाने में भी रूचि नहीं दिखाई जा रही है। नगर के चिउरहां व चौक मार्ग की पड़ताल में स्थिति कुछ इस प्रकार मिली।
-
स्थल एक- मऊपाकड़ तिराहे से चौक जाने वाले मार्ग पर प्रारंभिक 100 मीटर तक तो पटरियों का अस्तित्व ही नहीं पता चल रहा है। दुकान को इतना आगे बढ़ा लिया गया है कि लोगों को अपने दोपहिया वाहन को सड़क पर खड़ा करना पड़ता है, इससे आने-जाने वालों को दुश्वारियां उठानी पड़ती हैं।
-
स्थल दो- मऊपाकड़ से चिउरहां जाने वाले मार्ग पर भी सड़क के दोनों तरफ पटरियों के अस्तित्व पर संकट है। लगभग 100 मीटर तक दोनो तरफ सड़क से सटे लगने वाले दुकान व ठेले न सिर्फ आवागमन में समस्या उत्पन्न करते हैं, बल्कि जाम का कारण भी बनते हैं।
-
नगर में कार्ययोजना के मुताबिक अतिक्रमण हटवाया जा रहा है। सभी मार्गों पर अतिक्रमण हटाया जाना है। एक मार्ग का काम खत्म करने के बाद दूसरे पर शुरू किया जाएगा।
आलोक कुमार मिश्रा, अधिशासी अधिकारी