जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान में खंड शिक्षा अधिकारियों की बैठक में डायट के प्रभारी प्राचार्य ने दिया निर्देश
संराद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। परिषदीय स्कूल में अध्ययनरत विद्यार्थियों को निपुण बनाने पर जोर दिया जाए। डायट मेंटर, एआरपी व राज्य संदर्भदाता समूह के सदस्य उन्हें शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए प्रेरित करें। खंड शिक्षा अधिकारी भी नियमित रूप से निपुणता का पर्यवेक्षण करें व सुधारात्मक दृष्टि से निर्देश जारी करें।
ये निर्देश जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान के प्रभारी प्राचार्य सुरेश सिंह ने सोमवार को डायट सभागार में हुए खंड शिक्षा अधिकारियों की बैठक में कही। उन्होंने कहा कि विद्यालय पर जाकर निपुणता संबंधी गतिविधियों का आंकलन किया जाए एवं जहां कमी हो उसके सुधार की दिशा में कार्य किया जाए। कायाकल्प योजना के तहत जो भी मानक के तहत कराए जाने वाले अधूरे कार्य हैं उन्हें तत्परता के साथ पूरा कराए जाने की दिशा में पहल की जाए। यू-डायय प्लस पोर्टल पर मांगी गई जानकारियों को भरा जाए। नामांकन के सापेक्ष उपस्थिति को बढ़ाने पर जोर दिया जाए। इस दौरान प्रवक्ता अभिजीत सिंह, प्रवक्ता पूजा चौधरी, दिव्या गुप्ता, आशीष मौर्य, अर्जुन शाही, रामजी, अरशद जमील, महाकालेश्वर पांडेय, बीईओ चंद्रभूषण पांडेय समेत अन्य लोग मौजूद रहे।