अड्डा बाजार/कोल्हुई। कोल्हुई थाना क्षेत्र के गांव मोगलहां के भरौटिया टोला के बकाएदार मंगलवार को कनेक्शन विच्छेदन कर रहे बिजली कर्मचारियों पर भड़क गए। अपशब्दों की बौछार करते हुए लाठी-डंडा लेकर मारने पीटने को आमादा हो गए। मौके को भांपकर बिजली कर्मियों ने 112 पुलिस को बुला लिया। पुलिस की मौजूदगी में वहां से सुरक्षित निकलकर कर्मचारियों ने कोल्हुई थाने में बकाएदार उपभोक्ताओं के खिलाफ नामजद तहरीर दी।
अड्डा विद्युत उपकेंद्र के राजेश सिंह, रामानंद, कुद्दूश, सोनू तिवारी, संतोष पांडे ने सामूहिक तहरीर में लिखा है कि मंगलवार को दोपहर में मोगलहां गांव के भरौटिया टोला में बड़े बकाएदारों के बिजली केवल विच्छेदित कर रहे थे। उसी वक्त कुछ लोग लाठी डंडा लेकर निकल पड़े। कर्मचारियों को अपशब्द बोलते हुए मारने पीटने की धमकी देने लगे। पीआरबी पुलिस आने के बाद कर्मचारियों की टीम गांव से सुरक्षित बाहर निकल पाई। आवर अभियंता पीएन कश्यप ने कहा कि बरवाकला फीडर के गांव मोगलहा के भरौटिया टोला पर मनबढ बकाएदारों ने बिजली कर्मचारियों के साथ अभद्रता किया, और सरकारी काम में बाधा डाला है। कोल्हुई पुलिस को तहरीर दी गई है। कोल्हुई थानाध्यक्ष दिनेश कुमार के अनुसार तहरीर मिली है। संवाद