- विद्युत वितरण खंड महराजगंज से जुड़े तीनों निकायों मेंं व्यवस्था को किया जाएगा दुरुस्त
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। विद्युत वितरण खंड महराजगंज से जुड़े तीन अन्य निकायों के लोगों को भी अब जल्द ही बेहतर बिजली प्राप्त होगी। इन निकायों में न सिर्फ नए ट्रांसफार्मर लगेंगे बल्कि जर्जर पोल और तार भी बदले जाएंगे। दिसंबर माह से कार्यों में तेजी आने की उम्मीद है।
महराजगंज विद्युत वितरण खंड की देखरेख में नगर पंचायत चौक, नगर पंचायत परतावल व नगर पंचायत घुघली क्षेत्र में भी बिजली आपूर्ति सुनिश्चित कराई जाती है। तीनों जगहों पर पहले से लगाए गए तार व पोल न सिर्फ जर्जर हो गए हैं, बल्कि उनके कभी भी टूट कर गिरने की आशंका भी बनी रहती है। दुर्घटना से बचने व व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए बिजली विभाग ने प्रस्ताव भेजकर पांच करोड़ से अधिक की धनराशि मांगी थी। शासन की ओर से धनराशि जारी कर दी गई है। अगले माह से कार्यों में तेजी आने की उम्मीद है।
-
परतावल में 3.30 करोड़ से होगा सुधारात्मक कार्य
नगर पंचायत परतावल क्षेत्र में लगभग तीन करोड़ 30 लाख से बिजली के सुधारात्मक कार्य को कराया जाएगा। इस धनराशि से लगभग 50 पोल लगाए जाएंगे व जर्जर तारों व ट्रांसफार्मर को बदलने का कार्य होगा। इसी प्रकार एक करोड़ नौ लाख से चौक बाजार में एवं 89 लाख से घुघली में बिजली व्यवस्था सुधारने की पहल होगी।
-
महराजगंज विद्युत वितरण खंड से आपूर्ति वाले परतावल, चौक व घुघली नगर पंचायत क्षेत्र में बिजली व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए धनराशि मिल गई है। एजेंसी की ओर से दिसंबर माह से कार्य शुरू किए जाने की संभावना है।
राहुल शर्मा, अधिशासी अभियंता