विद्युत निगम : मानक के मुताबिक कर्मियों की तैनाती नहीं
36 टेक्नीशियन में से दो की नियुक्ति, सहायक कार्यकारी अधिकारी का पद रिक्त, भटक रहे लोग
महराजगंज। विद्युत वितरण खंड प्रथम कार्यालय में मानक के अनुसार कर्मियों की तैनाती नहीं है। इससे जहां जरूरी काम काज प्रभावित हो रहा है। वहीं, विद्युत से जुड़ी समस्याओं के समाधान कराने के लिए दफ्तर में आनेवाले लोगों को इधर-उधर भटकना पड़ रहा है। चौकीदार से लेकर लेखाकार तक के पद रिक्त हैं। टेक्नीशियन भी मानक के मुताबिक तैनात नहीं हैं।
जानकारी के अनुसार, विद्युत वितरण खंड प्रथम कार्यालय में दो लेखाकार की जगह पर एक की तैनाती है। अवर अभियंता 10 की तैनाती है। मानचित्रक का एक पद रिक्त है। टेक्नीशियन (लाइन) 36 की जगह पर दो की तैनाती है। टेक्नीशियन (विद्युत) 32 की जगह 16 की तैनाती है। सहायक कार्यकारी अधिकारी एक पद है लेकिन, कोई तैनात नहीं है। श्रमिक 23 की जगह चार की तैनाती है। कुल 90 पदों के सापेक्ष 44 की तैनाती है। 46 पदों पर तैनाती नहीं है। रिक्त पदों पर तैनाती नहीं होने से काम काज प्रभावित हो रहा है। प्रत्येक दिन कम से 40 से अधिक लोग कार्यालय में शिकायत लेकर पहुंचते हैं।
विद्युत वितरण खंड प्रथम क्षेत्र में चार उपखंड सदर, परतावल, चौक बाजार, घुघली है। बिजली के बिल एवं मीटर रीडिंग में गड़बड़ी की शिकायतें ज्यादा आ रही हैं। लोगों को समस्या दूर कराने के लिए इधर-उधर भटकना पड़ रहा है।
------
केस नंबर एक : राजीव नगर के रहने वाले आत्माराम गुप्त ने बताया कि कनेक्शन कटे हुए चार साल हो गए। लेकिन, पीडी (परमानेंट डिस्कनेक्शन) की अंतिम रिपोर्ट अब तक नहीं लगी। इसके लिए कार्यालय में कई बार गया, लेकिन कोई सुनने वाला नहीं है।
------------
केस नंबर दो : भिटौली टोला परसिया के रहने वाले शिवशंकर ने बताया कि बिजली बिल में सुधार कराने के लिए एक सप्ताह से दौड़ रहा हूं। जब कोई बाबू नहीं मिला तो एक्सईएन को शिकायती पत्र सौंपा। खपत से ज्यादा बिजली का बिल आ रहा है।
-----------
केस नंबर तीन : महुअवा गांव के रहने वाले खूबलाल ने बताया कि बिल में गड़बड़ी है। लेकिन, सुधार नहीं होने के कारण समस्या दूर नहीं हो पा रही है। कार्यालय आने पर संबंधित पटल पर कोई मिलता ही नहीं है।
-----
केस नंबर चार : नरायनपुर गांव के शैलेष कुमार ने बताया कि जांच के दौरान बिजली कट गई थी, अब जोड़वाने के लिए इधर -उधर भटक रहा हूं। समस्या का समाधान कराने के लिए एक्सईएन को शिकायती पत्र दिया हूं।
-------
विद्युत उपभोक्ताओं की समस्याओं को दूर करने की हर संभव कोशिश की जा रही है। जहां तक कर्मियों की कमी की बात है तो उसकी सूचना निगम को भेज दी गई है।
हरिशंकर, एक्सईएन, विद्युत वितरण खंड प्रथम
------
बकाएदारों की कट रही बिजली
दस हजार से अधिक के बकाएदारों का कनेक्शन काट दिया जा रहा है। पावर कार्पोरेशन प्रबंधक निदेशक ने बकाया वसूली तेज करने का निर्देश दिया है। निगम की ओर से बकाया बिल वसूली के लिए कार्रवाई तेज कर दी गई है। अगस्त में 15 करोड़ 65 लाख बिल जमा कराया गया। सितंबर में 1.25 करोड़ बिल जमा हो चुका है। सितंबर में 19 करोड़ जमा कराने का लक्ष्य है।