सात घंटे की बिजली कटौती से उमस भरी गर्मी में परेशान रहे लोग
संवाद न्यूज एजेंसी
कोठीभार/सिसवा (महराजगंज)। कस्बे में बिजली कटौती से लोगों को परेशानी हो रही है, लेकिन जिम्मेदार इस समस्या पर गंभीर नहीं हैं। बुधवार को दिन में 7 घंटे आपूर्ति बाधित होने से उमस भरी गर्मी में लोग बेहाल हो गए। समाजसेवी अमरेंद्र मल्ल ने उप खंड अधिकारी विद्युत सिसवा को एक पत्र लिखकर समस्या के समाधान की मांग की। सिसवा कस्बे के स्टेट चौक, श्रीराम जानकी मंदिर रोड, स्टेशन रोड व सिसवा खुर्द में शाम को प्रत्येक दिन तार फाल्ट हो जाता है। बुधवार की सुबह करीब 9:45 बजे बिना किसी पूर्व सूचना के नगर की विद्युत आपूर्ति ठप कर दी गई जो दोपहर करीब 3:45 बजे 7 घंटे बाद बहाल की गई। नगर की घनी आबादी में बिजली बिना परेशान हो गए। सिसवा उप खंड अधिकारी अरुण कुमार यादव ने बताया कि इमरजेंसी रोस्टिंग जनपद मुख्यालय स्थित 132 केवीए सब स्टेशन से की जाती है। नगर में जर्जर तार को बदलने के लिए स्टीमेट बना दिया गया है, जैसे ही कोई कंपनी इस काम को करने के लिए तैयार होगी तो नगर के जर्जर तारों को बदल दिया जाएगा। बुधवार की कटौती सब स्टेशन पर ब्रेकर खराब हो जाने के कारण की गई, जिसे कर्मचारियों की मदद से सही कराकर विद्युत आपूर्ति को बहाल कर दिया गया।