महराजगंज। कसमरिया गांव में बिजली का तार चार महीने से सड़क पर लटक रहा है। किसी अनहोनी की आशंका से ग्रामीण सहमे हुए हैं।
कसमरिया गांव की सड़क पर विद्युत तार जमीन से डेढ़ मीटर की ऊंचाई पर लटक रहा है। इसके अलावा बिजली का खंभा भी झुक गया है। लोग डरे सहमे ही इस सड़क से गुजरते हैं। मोटरसाइकिल, साइकिल सवार तो किसी तरह आ जा पाते हैं, लेकिन चार पाहिया वाहन चालकों को कड़ी मशक्कत करनी पड़ती है। कसमरिया के ग्राम प्रधान संदेश पटेल, गोपाल शर्मा, अमित निराला, लक्ष्मण, हितेंद्र पटेल, रमेश, दिनेश का कहना है कि विद्युत तार चार महीने से सड़क पर लटक रहा है। इससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। अधिशासी अभियंता विद्युत वितरण खंड प्रथम राहुल शर्मा ने बताया कि विद्युत तार के लटकने की जानकारी नहीं है। जल्द ही ठीक करा दिया जाएगा। संवाद