परसामलिक। थाना क्षेत्र के पेड़ारी चौराहे से दो सौ मीटर पश्चिम नौतनवा ठूठीबारी मुख्य मार्ग पर शनिवार को 2:30 बजे अनियंत्रित कार ने साइकिल सवार 62 वर्षीय बुजुर्ग को टक्कर मार दी। आसपास के लोगों की मदद से घायल बुजुर्ग को सीएचसी रतनपुर भेजा गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। हादसे के दौरान चार पहिया वाहन पलट गया, जिसमे सवार दूल्हा समेत करीब आधा दर्जन लोगों को हल्की चोटें आईं।
कोल्हुई थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत मझौली निवासी मुस्तफा के पुत्र की शादी शनिवार को थी। शादी में दुल्हा गाड़ी बरात लेकर परसामलिक थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत पड़ौली निवासी जुम्मन के घर जा रहा था। इस दौरान परसामलिक थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत बैकुंठपुर उर्फ बोदरवार टोला हरलालगढ़ निवासी हरिद्वार पेड़ारी चौराहे से दवा कराकर साइकिल से घर आ रहे थे। पेड़ारी चौराहे से करीब 200 मीटर पश्चिम तेज रफ़्तार में बरात लेकर जा रही दुल्हा गाड़ी अनियंत्रित होकर साइकिल सवार से टकरा गई, जिससे साइकिल सवार हरिद्वार घायल हो गए।
थाना प्रभारी कमलेश कुमार यादव ने बताया कि तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। संवाद