निचलौल। क्षेत्र के मिश्रवलिया गांव में सोमवार रात जमीन के बंटवारे को लेकर एक युवक ने अपने बड़े भाई-भाभी और भतीजी पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे तीनों घायल हो गए। ग्रामीणों ने तीनों को सीएचसी में भर्ती कराया। डॉक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। पुलिस ने चार लोगों के विरुद्ध केस दर्ज कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक, मिश्रवलिया निवासी मिंकू पासवान का अपने बड़े भाई छोटकू पासवान से बंटवारे का विवाद चल रहा है। आरोप है कि सोमवार रात करीब नौ बजे शराब के नशे में मिंकू चाकू लेकर अपने बड़े भाई छोटकू पासवान के घर पहुंच गया और बंटवारे की बात को लेकर कहासुनी करने लगा। इसी बीच दोनों के बीच बात आगे बढ़ गई। तभी मिंकू ने चाकू से छोटकू पर जानलेवा हमला कर दिया, जिससे वह लहूलुहान होकर गिर गया।
इससे आरोपी का मन नहीं भरा तो सो रही भाभी अमरावती देवी उर्फ रावड़ी और भतीजी मधु के पेट में भी चाकू से हमला कर घायल कर दिया। चीख पुकार सुनकर लोगों की भीड़ जुटते देख आरोपी भाग निकला। लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने तीनों घायलों को ग्रामीणों की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र निचलौल में भर्ती कराया। डॉक्टरों ने प्राथमिक इलाज के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में भी भतीजी मधु की हालत में सुधार नहीं होने पर डॉक्टरों ने मेडिकल काॅलेज गोरखपुर के लिए रेफर कर दिया।
थाना प्रभारी देवेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी के भाभी की तहरीर पर चार आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए भी पुलिस टीम लगा दी गई है।
-
भाई को सिर पर तो भाभी और भतीजी के पेट पर किया वार
मौके पर जुटे ग्रामीणों ने बताया की आरोपी की अभी शादी नहीं हुई है। वह हमेशा नशे की हालात में रहता है। मामूली बात को लेकर किसी से भी उलझ जाता है। वहीं बंटवारे की बात को लेकर युवक नशे की हालात में बड़े भाई के घर पहुंचा था। जहां कर वह आक्रोशित होकर पहले बड़े भाई के सिर पर चाकू से वार कर अचेत कर दिया। फिर सो रही भाभी और भतीजी के पेट पर कई बार वार किया है। मौके पर खून के छींटे बता रहे थे की आरोपी युवक ने भाई भाभी और भतीजी की जान लेने के लिए कई बार ताबड़तोड़ हमला किया है।