नौतनवा। ईद पर्व के उपलक्ष्य में मुस्लिम समुदाय के लोगों ने शनिवार की सुबह नगर स्थित मस्जिदों एवं ईदगाहों पर पहुंचकर ईद उल फितर की नमाज अदा की। खुदा के सजदे में सिर झुका अमन-चैन एवं भाईचारा कायम रहने की दुआएं मांगी। तत्पश्चात लोगों ने एक-दूसरे के गले मिल ईद पर्व का मुबारकबाद दिया। पर्व को लेकर बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला। बच्चे सुबह से ही नए-नए कपड़े पहनकर अपने हम उम्र के साथियों के साथ खुशी के जश्न में डूबे रहे। वहीं समुदाय के बड़े सदस्यों ने भी सारे गिले-शिकवे दूर कर एक-दूसरे को बधाई दी। नगर में शांति व्यवस्था कायम रखने के मद्देनजर एसडीएम नवीन प्रसाद, सीओ अंकुर गौतम, तहसीलदार कर्ण सिंह, नायब तहसीलदार सौरभ श्रीवास्तव, एसओ पुरुषोत्तम राव एवं चौकी प्रभारी रामजी गुप्ता क्षेत्र का दौरा कर स्थिति का जायजा लेते रहे। ईद का पर्व हर्षोल्लास के साथ शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।