महराजगंज। नगर पालिका महराजगंज क्षेत्र में शुद्ध पेयजल के लिए 1,92,53,000 रुपये का प्रस्ताव बना है। इस पर काम शुरू है। दो मोहल्ले में मिनी वाटर टैंक बन चुका है। शहरवासियों को शुद्ध जल ठीक ढंग से मिले, इसके लिए यह व्यवस्था की गई। शहर के 25 मोहल्लों में करीब 60,000 की आबादी को बेहतर ढंग से आने वाले दिनों में शुद्ध पानी मिलेगा।
जानकारी के अनुसार, नगर पालिका क्षेत्र में 13 स्थानों पर मिनी वाटर हेड टैंक का निर्माण होना है। एक मिनी वाटर हेड टैंक की लागत 14 लाख 81 हजार रुपये है। विस्तारित क्षेत्र महुअवा में दो मिनी वाटर टैंक बने हैं। इससे लोगों को शुद्ध जल मिल रहा है। क्षेत्र के तीन हजार से अधिक लोगों को फायदा हो मिल रहा है। वहीं नेहरू नगर, शिवनगर, वीरबहादुर नगर, बैकुंठपुर, सक्सेना नगर, अमरुतिया, सिविल लाइन, अंबेडकर नगर, लोहिया नगर, एपीजे अब्दुल कलाम नगर, वीर अब्दुल हमीद नगर, शास्त्री नगर में बनना है। पालिका की ओर से महुअवां में दो स्थानों पर सिक्का वाला आरओ लगवाया गया है।
इसमें जरूरतमंद सिक्का डालकर पानी लेते हैं। वहीं कुछ लोगों का कहना है कि वहां से पानी ढोकर लाना मुश्किल काम है। विस्तारित सीमा में पेयजल व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए पालिका की ओर से कराए गए सर्वे के मुताबिक लगभग 30 किलोमीटर से अधिक पाइप लाइन बिछानी होगी, जबकि नौ पंप हाउस का भी निर्माण करना होगा। इस दिशा में पालिका की ओर से कवायद भी शुरू कर दी गई है।
शामिल गांवों के लोग अभी भी बेहतर सुविधा से वंचित
नगर पालिका परिषद के 25 वार्डों में से बैकुंठपुर वार्ड, अमरुतिया वार्ड, पटेल नगर वार्ड, लोहिया नगर वार्ड, महुअवा वार्ड, पंडित दीनदयाल नगर वार्ड, वीर अब्दुल हमीद नगर वार्ड, सुकठिया वार्ड व वीर बहादुर नगर वार्ड की सीमा विस्तारित है। विस्तारित हुई इस सीमा में इक्का-दुक्का में आंशिक तो अधिकांश में पूरे क्षेत्र को लिया गया है। विस्तारित सीमा की वजह से वार्डवासियों की आबादी भी 32 हजार से बढ़कर 59 हजार पहुंच चुकी है। ऐसे मेें पहले की आबादी में तो अधिकांश लोगों को टोटी से पेयजल उपलब्ध हो रहा है, मगर नए शामिल गांवों के लोग अभी भी इस सुविधा से वंचित हैं। उन्हें मजबूरी में अभी भी इंडिया मार्क हैंडपंप अथवा साधारण हैंडपंप से काम चलाना पड़ रहा है। जब तक पंप हाउस व पाइप लाइन का विस्तार नहीं होगा तब तक उनकी समस्या कम नहीं होगी।