गर्मी का असर सेहत पर पड़ रहा है। त्वचा पर लाल चकत्ते के साथ दाने हो रहे हैं। त्वचा रोग विशेषज्ञ की ओपीडी में एक सप्ताह पहले इस समस्या से पीड़ित 30 से 35 मरीज आते थे, लेकिन इन दिनों इनकी संख्या बढ़कर 60 से 70 हो गई है। गर्मी के कारण इन दिनों बड़ी संख्या में मरीज उपचार के लिए पहुंच रहे हैं।
जिला अस्पताल में मंगलवार को त्वचा रोग विभाग में मरीजों की भीड़ देखने को मिली। इन दिनों तेज धूप पड़ रही है। धूप में कार्य करने से लोग त्वचा रोग की चपेट में आ रहे हैं। वहीं अन्य बीमारियों का शिकार भी लोग हो रहे हैं। जिला अस्पताल में त्वचा रोग विशेषज्ञ डॉ. एके द्विवेदी ने बताया अधिकांश मरीज फंगल इंफेक्शन से परेशान हैं। इन दिनों धूप तेजी से पड़ने लगी है। ऐसे में बदले मौसम की वजह से लोगों को यह समस्या आ रही है। त्वचा रोग विशेषज्ञ ने बताया कि यह संक्रामक रोग भी है, जो पसीने से भी हो सकता है।
तेज धूप होने से सन बर्न और संक्रमण की समस्या बढ़ती है। सन बर्न की चपेट में ज्यादातर महिलाएं हैं जो धूप में ज्यादा देर तक रहती हैं। चेहरे पर दाने निकलने और त्वचा पर लाल चकत्ते पड़ने के केस भी पहुंच रहे हैं। गर्दन और पीठ पर घमौरी के मामले भी आने लगे हैं। बताया कि पसीने से मृत त्वचा और बैक्टीरिया त्वचा के छिद्रों को बंद कर देते हैं जो घमौरियों की वजह है।
बचाव
-गर्मी में सूती और ढीले कपड़े पहनें।
-किसी अन्य का रुमाल या तौलिया प्रयोग न करें।
-ताजे पानी से सुबह-शाम स्नान करें।
-अच्छे साबुन का इस्तेमाल करें।