परतावल। ठंडी का असर धीरे-धीरे बढ़ रहा है। नगर पंचायत की ओर से सीएचसी परतावल परिसर में रैन बसेरा तैयार किया गया है। इन दिनों रैन बसेरे में ताला लटका है। रैन बसेरा के अगल बगल गंदगी का अंबार लगा हुआ है। देख रेख करने वाला कर्मचारी कभी भी उपस्थित नहीं रहता है।
लोगों के अनुसार, रैन बसेरा सीएचसी परतावल के एक कोने में स्थित होने के कारण यहां राहगीर ठहरने के लिए नहीं पहुंच पा रहे हैं। यहां तक आने के लिए ऑटो का सहारा लेना पड़ता है। किसी तरह राहगीर पहुंच भी जाते हैं तो उसमें ताला लटका रहता है। अब सर्दी के मौसम में रात बिताने वाले लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है। नगर पंचायत ने सीएचसी के परिसर में सिर्फ दिखावे के लिए रैन बसेरा की व्यवस्था की है। अधिशासी अधिकारी कनुप्रिया शाही ने बताया कि रैन बसेरा की सफाई के लिए कर्मी को निर्देश दिया गया है। लोगों के आने पर ताला खोल दिया जाता है। संवाद