बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से लोगों में शिक्षा के प्रति जागरूकता लाने के उद्देश्य से की जा रही पहल
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। ग्रामीण क्षेत्र के लोगों में परिषदीय व बालिका शिक्षा के प्रति जागरूकता लाने के उद्देश्य से जगह-जगह नुक्कड़ नाटक कार्यक्रम आयोजित हो रहा है। शनिवार को मिठौरा ब्लॉक के ग्राम औराटार में भी नाटक के जरिए ग्रामीणों को जागरूक करने का कार्य हुआ।
बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से स्वर्ण शिखा सेवा संस्थान को जिले में शिक्षा के प्रति जागरूकता फैलाने की जिम्मेदारी दी गई है। इसके तहत संस्था के सदस्य जगह-जगह नाटक के माध्यम से लोगों को शिक्षा की महत्ता को बता रहे हैं। वे अभिभावकों से अपने बच्चों को शिक्षा की मुख्यधारा में जोड़ने की अपील भी कर रहे हैं।
औराटार में लगभग एक घंटे तक चले नुक्कड़ नाटक का लोगों ने आनंद भी लिया। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी आशीष कुमार सिंह ने कहा कि जिले में कुल 50 स्थलों पर संस्था की ओर से कार्यक्रम किया जाना है। 30 से अधिक स्थलों पर कार्यक्रम हो चुके हैं।
एलईडी वैन से भी फैला रहे जागरूकता
विभाग की ओर से नाटक के साथ-साथ एलईडी वैन भी चलवाते हुए लोगों को जागरूक करने का कार्य किया जा रहा है। शनिवार को मिठौरा ब्लॉक के ग्राम दरहटा में शिक्षा पर आधारित धार्मिक व अन्य कार्यक्रम दिखा कर लोगों को जागरूक किया गया।