-एक दिन का वेतन बाधित करने के निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज/फरेंदा। स्वास्थ्य व्यवस्था सुदृढ़ बनाने को लेकर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. दिलीप सिंह ने सोमवार सुबह 8.10 बजे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बनकटी का औचक निरीक्षण किया। इसमें अधीक्षक एमपी सोनकर समेत 36 कर्मचारी अनुपस्थित मिले। उन्होंने सभी का एक दिन का वेतन बाधित करने के निर्देश दिए।
सीएमओ डॉ. दिलीप सिंह ने बताया कि सोमवार सुबह अस्पताल पहुंचा तो छह डाॅक्टर में सिर्फ एक डॉ. अरूण कुमार उपस्थित मिले। साथ ही अस्पताल में तैनात चार फार्मासिस्टों में सिर्फ गोपाल चतुर्वेदी उपस्थित रहे। प्रसव कक्ष में स्टाफ नर्स जैतुननिशा उपस्थित रहीं।
संविदा डॉ. रोचस्मति पांडेय समेत अन्य कर्मी अनुपस्थित रहे। वार्ड के निरीक्षण में काफी खामियां मिलीं। बेड पर गंदा चादर बिछाया गया था। अस्पताल की साफ-सफाई भी निराशाजनक मिली।
सीएमओ ने बताया कि कर्मचारियों के ठहरने के लिए आवास की सुविधा मुहैया कराया गया है, लेकिन आवास में न ठहरना लापरवाही है। साथ ही मरीजों के साथ उचित व्यवहार करें, जिससे उनका समुचित इलाज हो सके। बताया कि अस्पताल की सारी व्यवस्थाएं चौपट हो गई हैं जिसमें सुधार की जरूरत है।