सुविधा के अनुसार सड़क पर भरते हैं सवारी, यात्रियों को होती है परेशानी
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। तू डाल-डाल तो मैं पात-पात की कहावत को प्राइवेट बस चालक चरितार्थ कर रहे हैं। शासन के शिकंजा के बाद प्राइवेट चालक बस स्टेशन के पास गाड़ी लेकर नहीं जाते हैं, लेकिन सुविधा के अनुसार सड़क पर सवारी भरते हैं।
शहर में वाहनों को खड़ा करने के लिए स्थान निर्धारित है। लेकिन, वाहन चालक अपनी मर्ची से गाड़ी खड़ी कर सवारी बैठाते हैं। वह शहर में कहीं भी गाड़ी में ब्रेक लगाकर सवारी भरते हैं, चाहे पीछे वाला वाहन चालक टकराया क्यों न जाए। उनकी मनमानी से यात्रियों को परेशानी होती है।
बृहस्पतिवार को शहर बस स्टैंड के पास तमाम टेंपो दिखे। सवारी यहीं से बैठाकर टेंपो चालक जा रहे थे। उन्हें रोकने-टोकने वाला कोई नहीं था। टेंपो चालकों की मनमानी से कभी-कभी रोडवेज बस को स्टेशन में प्रवेश करने से पहले कुछ देर सड़क पर ही रुक जाना पड़ता है। इन टेंपो चालकों से यहीं स्टैंड की वसूली की जाती है। चालक भी बगैर किसी डर के आराम से सवारी भरते हैं।
शहर में हनुमानगढ़ी के पास टेंपो में सवारी भरते हुए चालक दिखे। ऐसे में अक्सर इस सड़क पर जाम लग जाता है। राकेश व सत्यम ने बताया कि टेंपो चालक निर्धारित स्थान पर गाड़ी नहीं खड़ी करते हैं। इस वजह से समस्या होती है। हालांकि शहर में चौपरिया, जलकल रोड, सक्सेना चौक, मऊपाकड़, मंडी के पास निर्धारित स्टैंड बनाया गया। यहां गाड़ी खड़ी करने के लिए निर्देश हैं, लेकिन मनमाने ढंग वाहन इधर-उधर गाड़ी खड़ी की जाताी है।
फोटो
सड़क की पटरी पर बस खड़ी कर भर रहे थे सवारी
घुघली कस्बे में चिह्नित स्थान पर सिर्फ बोर्ड ही नजर आता है। बस चालक सड़क पर वाहन खड़ा कर देते हैं। वहीं पर स्टैंड की वसूली भी होती रहती है। प्रतिदिन सैकड़ों यात्री बस से सिसवा से कप्तानगंज तक आते-जाते हैं। घुघली कस्बे के वार्ड नंबर एक में बस स्टैंड के लिए जगह तय है। बस वाले सरकारी स्टैंड पर न खड़ा करके सुबास चौक पर बस खड़ी करते हैं। घुघली निवासी सर्वेश यादव, दीपक, राजेश, राधेश्याम आदि ने बताया कि सुभाष चौक के पास सड़क की पटरी को चालकों ने बस स्टैंड बना दिया है। टेंपो चालक नगर में किसी भी जगह सड़क के किनारे टेंपो को खड़ी कर देते हैं। चैनपुर में स्थान चिह्नित कर बस स्टैंड का बोर्ड लगाया गया है। प्रभारी अधिशासी अधिकारी आलोक कुमार मिश्र ने बताया कि इस तरह के स्टैंड अगर चल रहे होंगे तो कार्रवाई होगी।
...
कोट
जिले में नियम का सख्ती से पालन कराने के लिए संबंधित थानेदारों को निर्देश दिए गए हैं। यदि कहीं नियम का पालन नहीं किया जा रहा है तो अभियान चलाकर कार्रवाई की जाएगी।
आतिश कुमार सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक
...
समय-समय पर अभियान चलाया जाता है। अनाधिकृत रूप से कहीं वाहन खड़ा नहीं करने दिया जाएगा। जांच के दौरान पकड़े जाने पर कार्रवाई की जाती है। हर हाल में निर्धारित स्टैंड पर वाहनों को खड़ा कराया जाएगा।
आरसी भारतीय, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी