महराजगंज। शहर में मच्छरों के बढ़ते प्रकोप और गंदगी से जनता परेशान थी। अमर उजाला ने 31 मार्च के अंक में सफाई न एंटी लार्वा का छिड़काव फॉगिंग के इंतजाम अधूरे..मच्छर पूरे शीर्षक से प्रमुखता से खबर प्रकाशित की। रविवार को नगर पालिका प्रशासन ने कर्मियों की टीम लगाकर जाम नालियों की सफाई कराई।
नगर पालिका परिषद महराजगंज की ओर से कोतवाली के पास जाम नाली की सफाई कराई गई, इसके अलावा अन्य स्थानों पर टीम ने सफाई की। सार्वजनिक स्थानों और नालियों के आसपास उगी झाड़ियों को काटा गया। मच्छरों से निजात के लिए एंटी लार्वा का छिड़काव भी किया गया। वार्डवासियों को जागरूक किया गया कि सूखा और गीला कचरा लगे डस्टबिन में डालें तथा प्रतिदिन नगर पालिका की गाड़ी कूड़ा उठाने पहुंच रही है या नहीं इसका ध्यान रखें। कर्मचारियों को निर्देशित किया गया कि हर वार्ड में सफाई और कचरा उठान करने में लापरवाही न बरतें। इंदिरानगर, बिस्मिल नगर, गांधी नगर, शास्त्री नगर और नेहरू नगर में सफाई कर सफाई अभियान को गति दी। सभी 25 वार्डों में सुबह से लेकर दोपहर दो बजे तक वृहद सफाई अभियान चलाया गया। शहर के सतीश कुमार, प्रहलाद, राजवीर आदि ने बताया कि अगर सफाई की यह प्रक्रिया निरंतर जारी रहती तो न ही वार्डों में गंदगी बढ़ने पाती और न ही मच्छरों का प्रकोप। लोगों ने कहा कि सफाई के बाद अब अगर फागिंग सभी वार्डों में हो जाए तो मच्छरों की समस्या काफी हद तक समाप्त हो जाएगी।
अभियान चलाकर सफाई कराई गई। नालों में जमा कचरे को निकालकर एंटी लार्वा का छिड़काव कराया गया। शीघ्र ही फागिंग कराया जाएगा। सभी कर्मियों को निर्देशित किया गया है कि कार्य में शिथिलता न बरतें।
-आलोक कुमार मिश्रा, ईओ, नगर पालिका परिषद