ऑफर से जुड़े लिंक भी सोशल मीडिया पर, इनमें साइबर ठगों के फर्जी लिंक भी हो सकते हैं शामिल
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। दीपावली के उत्साह में सजग रहने की जरूरत है। ऑनलाइन ऑफर के झांसे में फंस कर कहीं आपका खाता न खाली हो जाए। जालसाज के झांसे में फंसे एक व्यक्ति को चूना लग चुका है।
सोशल मीडिया पर लुभावने ऑफर की भरमार है। ऑफर से जुड़े लिंक भी सोशल मीडिया पर हैं। इनमें साइबर ठगों के फर्जी लिंक भी शामिल हो सकते हैं, जिन पर क्लिक करने से आपका खाता खाली हो सकता है। त्योहार के सीजन में लोग जमकर खरीदारी करते हैं, ऐसे में साइबर ठग खरीदारी पर भारी छूट का झांसा देकर लोगों को फंसाते हैं। भारी डिस्काउंट देखकर लोग लिंक खोलते हैं और ठगी के शिकार हो जाते हैं।
त्योहार के मौसम में साइबर ठग होटल बुकिंग, सस्ते दाम पर फ्लाइट बुकिंग, ऑनलाइन खरीदारी, इलेक्ट्रानिक सामान पर भारी छूट आदि तरीके इस्तेमाल कर लोगों को चूना लगाते हैं। इसलिए भारी छूट के विज्ञापन अगर सोशल मीडिया पर नजर आते हैं, तो सावधान रहने की जरूरत है।
साइबर ठग लोगों को शिकार करने के लिए फर्जी विज्ञापन देकर भी जाल में फंसाते हैं और लिंक के जरिये खाते की जानकारी हासिल कर ठगी करते हैं। इसलिए त्योहार के सीजन में लुभावने ऑफर मिलने पर विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत है।
ऑफर वाले मोबाइल के चक्कर में लगी 10 हजार की चपत
जितेंद्र कुमार के मुताबिक उन्होंने पत्नी के लिए एक शोरूम से खरीदारी की थी। कुछ दिन बाद ही उनके पास कॉल आई और बताया कि उसी शोरूम से बोल रहे हैं। बताया गया कि ग्राहकों का लकी ड्रॉ निकाला गया, जिसमें उन्हें एप्पल मोबाइल के लिए विजेता चुना गया है। बताई गई कुछ औपचारिकता पूरी करने पर मोबाइल आपको मिल सकता है। वह बहकावे में आ गए। बताए मुताबिक नियम फॉलो करते रहे तो उनके खाते से 10 रुपये उड़ा लिए गए।
बरतें सावधानी
किसी को आधार कार्ड या पैनकार्ड न भेजें।
किसी नए या अनजाने लिंक पर क्लिक न करें, आपकी निजी जानकारी ठगों को मिल सकती है।
किसी ऑफर या इनाम के झांसे में न आएं।
किसी को ओटीपी न बताएं, बैंक संबंधी डिटेल न दें।
वीडियो कॉल पर न्यूड वीडियो बनाकर ठगी के मामले बढ़े हैं, इनसे सावधान रहें।
रात में सोते वक्त मोबाइल पर इंटरनेट बंद करना भी ठगी से बचाता है।
फिजूल के एप डाउनलोड करने से बचें।
ठगी होते ही 1930 टोल फ्री नंबर पर कॉल करें।
ठगी का पता चलते ही तत्काल cybercrime.gov.in पर भी शिकायत दर्ज करा सकते हैं।
-
साइबर ठगों से सावधान रहने की जरूरत है। त्योहार के मौके पर इनकी गतिविधियां और बढ़ जाती हैं। कॉल व मैसेज के जरिये ऑफर के बहाने ठग सकते हैं। लोगों को चाहिए कि वह इस तरह के ऑफर के बहकावे में न आएं। फोन पर कोई जानकारी साझा न करें, लिंक क्लिक करने से भी बचें।
आतिश कुमार सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक