महराजगंज। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा एवं पुलिस अधीक्षक ने लक्ष्मीपुर ब्लॉक स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय की कक्षा सात की छात्रा कल्याणी शर्मा के निधन पर शोक व्यक्त किया। सर्पदंश के कारण सोमवार की रात बच्ची की तबीयत बिगड़ने पर विद्यालय प्रशासन उसे तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया। चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही जिलाधिकारी सदर अस्पताल पहुंचे। मृतका के परिजनों से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की। उन्होंने मृतका की मां विजयलक्ष्मी एवं पिता जयहिंद को ढांढस बंधाते हुए हर संभव प्रशासनिक सहायता का आश्वासन दिया। इसके उपरांत जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी ने विद्यालय पहुंचकर छात्राओं से बातचीत की और उन्हें ढांढस बंधाया। साथ ही विद्यालय प्रबंधन को सुरक्षा एवं सतर्कता के सभी आवश्यक उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।