नगर पालिका गेट के सामने दिया की खरीदारी करते लोग।
महराजगंज। अयोध्या में सोमवार को श्रीराम मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम को लेकर महराजगंज जिले में शहर से लेकर गांव तक भगवा रंग चढ़ गया है। जिले में दीप जलाकर उत्सव मनाने की तैयारी है। बाजार में भी रौनक बढ़ गई है। केसरिया ध्वज बाहर से मंगाए गए हैं। रविवार को राम नाम का पटका, मिट्टी के दीये, श्रीराम मंदिर मॉडल के साथ ही श्रीरामचरित मानस की बिक्री खूब हुई है। 200 से अधिक स्थानों पर धार्मिक कार्यक्रम और भंडारे का आयोजन होगा।
एलईडी स्क्रीन कम पड़ गए हैं। भंडारे के लिए हलवाई नहीं मिल रहे हैं। एक अनुमान के मुताबिक, करीब तीन करोड़ के कारोबार का अनुमान है। सामाजिक संगठनों की ओर से भगवा ध्वज और दीये बांटे जा रहे हैं तो भंडारे के प्रसाद में भी दीये, भगवा ध्वज सहित अन्य सामान दिए जा रहे हैं। लोगों के उत्सव की तैयारी को देखते हुए व्यापारियों में खुशी की लहर है। रविवार को शहर में काॅलेज रोड पर झंडे की दुकानों पर ध्वज व मंदिर का मॉडल खरीदने के लिए भीड़ लगी रही।
दुकान पर खरीदारी कर रहे रामप्रकाश का कहना रहा कि उन्होंने चार ध्वज खरीदा है। जिसे घर में लगाएंगे। बिस्मिलनगर के योगेश प्रताप तिवारी ने कहा कि यह सभी के लिए गर्व की बात है। जिला अस्पताल सामने दवा व्यापारी विनय कुमार नायक ने बताया कि संगठन की ओर से कंबल वितरण व भंडारे का आयोजन होगा। इसकी तैयारी की जा चुकी है। कार्यक्रम बेहतर ढंग से किया जाएगा। रत्न गुप्ता ने बताया की 50 हजार रुपये के दिये बेच चुका हूं।