- 882 ग्राम पंचायतों में 2647 स्थलों पर पौधरोपण के लिए किया जाना है गड्ढ़ा खुदाई का कार्य, अब तक
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। मनरेगा के तहत कराए जाने वाले गड्ढा खुदाई कार्य मे जिले की प्रगति अत्यंत निराशाजनक है। चिन्हित 2647 स्थलों में से अभी महज 12 पर ही कार्य प्रारंभ हो सका है। कार्यों के प्रति तंत्र भी बेफिक्र दिख रहा है, जिससे मानव दिवस के सृजन में बाधा उत्पन्न हो रही है।
महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम के तहत न सिर्फ विभिन्न क्षेत्रों में विकास कराया जाता है, बल्कि उसके पीछे यह सोच भी रहती है कि अधिक से अधिक मानव दिवस का सृजन हो। जिले के सभी 882 ग्राम पंचायतों में 16,09,640 पौधों को लगाया जाना है। व्यक्तिगत व सामुदायिक स्थल के रूप में यह पौधे जिले के 2,647 स्थलों पर लगाए जाने हैं। इन स्थलों पर गड्ढा खुदाई का कार्य भी किया जाना है, लेकिन अभी तक महज 12 जगहों पर ही गड्ढे की खुदाई हो सकी है। जिससे रोजगार सृजन के विकास में बाधा आ रही है।
-
ब्लॉकवार इतने स्थल पर है गड्ढा खुदाई का लक्ष्य
बृजमनगंज में 196, धानी में 60, घुघली में 222, लक्ष्मीपुर में 288, सदर में 180, मिठौरा मेंं 246, नौतनवां में 291, निचलौल में 324,पनियरा में 216, परतावल में 231, फरेंदा में 213 व सिसवा में 180 स्थलों पर गड्ढे की खुदाई करानी है।
चार ब्लॉकोें में शुरू हो सका है गड्ढा खुदाई
जिले के 12 में से चार ब्लॉकों में गड्ढ़ा खुदाई का कार्य प्रारंभ हो सका है। पनियरा ब्लॉक के सर्वाधिक पांच, मिठौरा में तीन एवं सिसवा व घुघली के दो-दो स्थलों पर कार्य शुरू हुआ है। शेष में कार्य प्रारंभ करने के लिए विशेष तेजी नहीं दिखाई जा रही है।
मनरेगा के तहत गड्ढा खुदाई कराने के लिए बीडीओ व अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारी को निर्देश दिए गए हैं। खराब प्रगति को सुधारने की दिशा में पहल जारी है।
रामदरश चौधरी, उपायुक्त श्रम रोजगार
-