- स्वयंसेवकों ने 22 को पूजा, कीर्तन करने की अपील की
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में रामलला के प्राण-प्रतिष्ठा समारोह में रामभक्तों व श्रद्धालुओं को निमंत्रण देने का अभियान चल रहा है। जय श्रीराम का जयघोष कर स्वयंसेवक अक्षत वितरण अभियान में आमंत्रण पत्र के माध्यम से भक्तों को अवगत करा रहे हैं। पत्रक के पिछले हिस्से में मंदिर के स्वरूप व इसकी विशेषताओं की जानकारी दी गई है। बताया गया है कि 32 सीढ़ियां चढ़कर भक्तों को रामलला के दर्शन होंगे।
जिला प्रचार प्रमुख जीवेश मिश्र ने बताया कि बृहस्पतिवार को स्वयंसेवकों ने घर-घर अक्षत, रामलला के विग्रह का चित्र व आमंत्रण पत्र देकर लोगों से 22 जनवरी को पूजा, कीर्तन करने व शाम को भव्य दीपावली मनाने की भी अपील की।
सुबह सात बजे बृहस्पतिवार को सभी स्वयंसेवक हनुमानगढ़ी में एकत्रित हुए और जय श्रीराम के जयघोष के बाद नगर प्रचारक हिमांशु व नगर अभियान प्रमुख डॉ. आशीष मिश्र के नेतृत्व में अमरूतिया बाजार में पूजित अक्षत बांटा गया। वहीं सतभरिया ग्राम सभा में सुनील मिश्रा व श्यामसुंदर पांडेय के नेतृत्व में पूजित अक्षत गांव में वितरित हुआ। सह जिला कार्यवाहक अनिल ने बताया कि 6 जनवरी को शहर के पीजी कॉलेज खेल मैदान परिसर से सुबह 10 बजे से शोभायात्रा नगर में निकाली जाएगी। कार्यक्रम में जिला संपर्क प्रमुख विमल, नगर संघचालक आलोक, सह नगर कार्यवाहक दुर्गेश, नीरज, मनीष आदि शामिल रहे।