सीडीओ ने कहा कि दो दिन में उपलब्ध कराएं पूर्वांचल निधि के प्रस्ताव
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। जिले के सभी पांच विधानसभा क्षेत्र में कराए जाने वाले विकास कार्यों के लिए पूर्वांचल विकास निधि संबंधी प्रस्ताव को जनप्रतिनिधि दो दिन में उपलब्ध कराएं। कार्यों को दृष्टिगत रखते हुए कार्यदायी संस्था आगणन तैयार करते हुए उसे उपलब्ध कराएं।
ये बातें मुख्य विकास अधिकारी संतोष कुमार राय ने मंगलवार को अपने कार्यालय कक्ष में पूर्वांचल विकास निधि से संबंधित विकास कार्यों के संबंध में हुए बैठक में कही। उन्होंने कहा कि प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में 1.25 करोड़ से अधिक की लागत से विकास कार्य कराए जाएंगे। ऐसे में जो भी कार्ययोजना तैयार हो उसमें धनराशि की सीमा को ध्यान में जरूर रखा जाए। विधानसभावार कार्य कराने के लिए कार्यदायी संस्था के चयन पर भी चर्चा हुई। मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि कार्यदायी संस्था की ओर से तैयार आगणन का लोक निर्माण विभाग से परीक्षण भी करा लिया जाए। इस दौरान पनियरा विधायक ज्ञानेंद्र सिंह, अन्य विधायकों के प्रतिनिधि, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी अजय श्रीवास्तव, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग देवेंद्रमणि व कार्यदायी संस्था से जुड़े अधिकारी मौजूद रहे।