महराजगंज। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सदर के सभागार में शुक्रवार को एसीएमओ डॉ. राकेश कुमार की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक हुई। सदर ब्लॉक के सभी स्वास्थ्य उपकेंद्रों की एएनएम के साथ साप्ताहिक समीक्षा की गई। टीकाकरण, गर्भवती महिलाओं का पंजीकरण और स्वास्थ्य सेवाओं की प्रगति पर विस्तृत चर्चा हुई। अधीक्षक डॉ. केपी सिंह ने सभी एएनएम को निर्देश दिया कि वे अपने क्षेत्र की सभी गर्भवतियों का विवरण ई-कवच पोर्टल पर अगले दिन तक शत-प्रतिशत दर्ज करें। स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी श्रीभागवत सिंह ने एएनएम से आरसीएच रजिस्टर को पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि 9 से 12 माह के बच्चों को एमआर और जेई की पहली खुराक, 16 से 24 माह के बच्चों को डीपीटी बूस्टर, एमआर, और जेई की दूसरी खुराक अनिवार्य रूप से दी जाए। ब्लॉक प्रोग्राम मैनेजर सूर्य प्रताप सिंह ने सभी एएनएम को निर्देश दिए कि वे अपने क्षेत्र में आशा कार्यकर्ताओं और सीएचओ के सहयोग से सभी लोगों का आभा आईडी शत-प्रतिशत बनवाएं। संवाद