पनियरा। क्षेत्र के ग्राम पंचायत हरीरामपुर के टोला जोगी चक में 10 वर्ष पूर्व बना महिला काम्प्लेक्स शौचालय का उपयोग न होने से खंडहर में तब्दील हो गया है। इसको लेकर ग्रामीणों ने मंगलवार को प्रदर्शन किया। उन्होंने शौचालय की मरम्मत की मांग की। ग्रामीण धनई, लीलावती, राजमती, मंजू देवी, इंद्रावती, संतीरा, आरती देवी, कमला देवी, शकुंतला, कालीचरण, रामरूप, बद्री, शत्रुघ्न का कहना है कि कई वर्षों से मरम्मत न होने के कारण उपयोग करना संभव नहीं है। दरवाजे, टोटी अन्य सामान तोड़कर चोर उठा ले गए हैं। इसमें घास फूस लगा हुआ है। शौचालय की मरम्मत करने की मांग को लेकर ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन कर मांग करते हुए कहा कि एक हजार आबादी में यही एक शौचालय था, लेकिन मरम्मत और रखरखाव न होने के कारण आज खंडहर में तब्दील हो चुका है। कई बार संबंधित अधिकारियों को मरम्मत करने की गुहार लगा चुके हैं, लेकिन जिम्मेदार सुन नहीं रहे हैं। लोगों ने जल्द शौचालय की मरम्मत की मांग की। सहायक विकास अधिकारी पंचायत गुड्डू प्रसाद ने बताया कि नए कार्य योजना में लाकर जल्द मरम्मत कराया जाएगा, जिससे ग्रामीणों को सुविधा मिल सके।