भिटौली। सदर तहसील के उप नगर भिटौली में लंबे समय से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बनाने की मांग की जा रही है, लेकिन अभी तक लोगों की मांग पूरी नहीं हो सकी। भिटौली क्षेत्र के लोगों को यहां से 15 किलोमीटर दूर महाराजगंज जिला चिकित्सालय अथवा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र परतावल जाना पड़ता है। बीमारी हालत में मरीजों को काफी परेशानी उठानी पड़ती है। भिटौली के गौरव श्रीवास्तव ने कहा कि यदि भिटौली में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बन जाता है, तो क्षेत्र के मरीजों को महराजगंज इलाज कराने नहीं जाना पड़ता।
धर्मपुर बाजार के सुग्रीव प्रसाद जायसवाल ने कहा कि यहां के लोगों को परतावल अथवा महराजगंज काफी दूर इलाज के लिए जाना पड़ता। सबसे बड़ी समस्या भिटौली थाने के आरोपियों को उठानी पड़ती है। गनेशपुर के रमेश कन्नौजिया ने कहा कि भिटौली में यदि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बन जाता है तो यहां के मरीजों को काफी सहुलियत मिलेगी। सोहरौना राजा के अब्दुल बारी ने भी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बनाने की पुरजोर मांग की। क्षेत्र के आजाद पटेल, मोहम्मद जान खान, नुरुल ऐन, इरफान खान, एजाज खान, साबिर अली, जुबेर अहमद ने मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर समस्या से अवगत कराया है। संवाद