डीएम को दिया ज्ञापन, मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन करने की चेतावनी
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। सदर तहसील के ग्राम पंचायत बागापार के ग्रामीणों ने मंगलवार को बागापार को चौक ब्लाॅक में शामिल न करने की मांग को लेकर जिला मुख्यालय पहुंचे। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंप कर कार्रवाई की मांग की।
डीएम को दिए गए पत्रक में लिखा है कि जिले की सबसे बड़ी ग्राम पंचायत बागापार नगर पंचायत के सभी मानक को पूरा करता है। ग्रामीण कई बार इसकी मांग भी कर चुके हैं। ग्राम पंचायत बागापार, रामपुर बुजुर्ग, सोनरा, सिसवनिया एवं बेलवाकाजी को प्रस्तावित ब्लॉक चौक में सम्मिलित किया जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि यह सभी गांव ब्लॉक मुख्यालय एवं जिला मुख्यालय से सटे हुए हैं। इन गांवों का थाना भी सदर क्षेत्र में पड़ता है। इस क्षेत्र के लोगों को सरकारी एवं विकास कार्यों से ब्लॉक मुख्यालय आने-जाने में काफी सहूलियत मिलती है। समय व धन की बचत होती है।
बागापार को चौक ब्लॉक से जोड़ा गया तो आम जनता को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ेगा। लोगों ने कहा कि यदि हमारी मांगों को पूरा नहीं किया गया तो जिला मुख्यालय पर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। ज्ञापन सौंपने के दौरान विश्वनाथ यादव, जितेंद्र आर्य, विद्यासागर यादव, राजू मौर्य, दिलीप वर्मा, रामराज चौरसिया आदि मौजूद रहे।