महराजगंज। होली पर्व को देखते हुए नेपाल में भारतीय बकरों की मांग बढ़ गई है। तस्कर पगड़डियों के रास्ते बकरों को नेपाल सीमा में पहुंचा देते हैं। दूसरे छोर पर नेटवर्क में शामिल लोग बकरों को गंतव्य तक पहुंचा देते हैं। भारत में एक बकरे की कीमत 4500 से 5000 है। जबकि नेपाल में 12000 से 14000 रुपये तक है। सरहद से जितना अंदर बकरे पहुंचते हैं, उनका रेट भी बढ़ता जाता है। इससे तस्कर दोगुना मुनाफा कमा रहे हैं।
सूत्र बता रहे हैं कि नेपाल में होली पर्व को लेकर बकरों की तस्करी बढ़ी है। पशुओं की तस्करी कर नेपालगंज व काठमांडों की मंडियों में इसके मांस पैककर चीन समेत अन्य देशों को भी भेजा जाता है। खास बात यह है कि तस्करों को बकरों की नेपाल में मुंह मांगी रकम मिल रही है। तस्करों का नेटवर्क गोरखपुर शहर तक है। बीते वर्ष 2019 में नेपाल सरकार ने स्वास्थ्य परीक्षण का हवाला देकर भारतीय बकरे को नेपाल में बेचने पर रोक लगा दिया था। होली पर्व पर इसकी खपत को लेकर अब भारतीय क्षेत्र के पगडंडी से इसकी तस्करी शुरू हो गई। नेपाल में होली पर्व पर बकरों की ज्यादा मांग है।
अपर पुलिस अधीक्षक आतिश कुमार सिंह ने बताया कि सीमावर्ती क्षेत्र में गश्त तेज कर दी गई है। समय समय पर कार्रवाई की जाती है।