सिसवा बाजार। कस्बे के महाराणा प्रताप नगर वार्ड भुजौली स्थित विद्यालय में शुक्रवार को परिषदीय विद्यालय की ब्लॉक खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से आयोजित इस प्रतियोगिता में नौ न्याय पंचायतों के परिषदीय विद्यालयों के बच्चों ने भाग लिया। प्रतियोगिता की मुख्य अतिथि नगरपालिका अध्यक्ष शकुंतला जायसवाल ने ध्वजारोहण व मार्च पास्ट की सलामी के साथ शुभारंभ किया। मशाल दौड़ के साथ खेल शुरू हुए। प्रतियोगिता के पहले दिन बालक और बालिका वर्ग में लंबी दौड़, खो-खो और कबड्डी जैसे खेलों का आयोजन किया गया। 50 मीटर दौड़ के बालक वर्ग के में दीपू साहनी पिपरा बाजार प्रथम और अमन बीजापार को दूसरा स्थान मिला। जबकि बालिका वर्ग में अदिति मधवलिया को प्रथम और प्रतिमा बीजापार को दूसरा स्थान मिला। बालक वर्ग की 100 मीटर दौड़ में खुर्शीद मधवलिया को प्रथम और मिन्हाज को दूसरा स्थान मिला। 100 मीटर दौड़ के बालिका वर्ग में शीतल सोहता टोला को प्रथम और प्रतिभा बीजापार को दूसरा स्थान मिला। 200 मीटर की दौड़ के बालक वर्ग में दीपू साहनी पिपरा बाजार ने प्रथम और पिपरा बाजार के ही रमन ने दूसरा स्थान हासिल किया।